दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत कॉरिडोर की तैयारी तेज, 33 हजार करोड़ से अधिक होंगे खर्च
Ancवार्ता,ब्यूरो,नई दिल्ली दिल्ली से हरियाणा के पानीपत और करनाल तक नमो भारत ट्रेन चलाने की योजना पर काम तेज हो गया है। करीब 33,051 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना के तहत दिल्ली में निर्माण कार्य शुरू करने से पहले जमीन की मजबूती की जांच की जाएगी। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने सराय काले खां से सिंघु बॉर्डर तक जमीन की भार वहन क्षमता का आकलन करने के लिए शुरुआती पाइल लोड टेस्ट की निविदा जारी की है। इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए छह महीने का समय तय किया गया है।
प्रस्तावित कॉरिडोर की कुल लंबाई 136.30 किलोमीटर होगी। यह दिल्ली के सराय काले खां से शुरू होकर सोनीपत, पानीपत होते हुए करनाल तक पहुंचेगा। इस मार्ग पर कुल 22 स्टेशन बनाए जाने की योजना है, जिनमें दिल्ली के छह स्टेशन शामिल होंगे। इनमें इंद्रप्रस्थ, कश्मीरी गेट, झरोदा माजरा, भलस्वा, अलीपुर और नरेला शामिल हैं। कश्मीरी गेट को भूमिगत और अन्य पांच स्टेशनों को एलिवेटेड बनाया जाएगा।

