दिल्ली: नॉर्थ ब्लॉक की छत पर चिमनी में लगी आग, छह दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
Ancवार्ता,ब्यूरो नई दिल्ली। दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक की छत पर सोमवार सुबह एक चिमनी में अचानक आग लग गई। दमकल विभाग को सुबह करीब 11:10 बजे आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल की छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया।
आग लगने के बाद परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, दमकलकर्मियों की तत्परता से आग को समय रहते बुझा दिया गया और इसे इमारत के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया।
घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और न ही किसी बड़े नुकसान की सूचना है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।

