दिवाली के लिए पटाखे खरीदने निकला युवक, रास्ते में चाकू से गोदकर हत्या; भाई ने लूट की वजह पर उठाए सवाल
Ancवार्ता,ब्यूरो,नई दिल्ली दिल्ली में दिवाली के लिए पटाखे खरीदने निकले युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान देवांश के रूप में हुई है। उसके भाई नितिन के मुताबिक, देवांश घर से कुछ पैसे लेकर पटाखे खरीदने गया था। इसी दौरान किसी ने उससे पैसे छीनने की कोशिश की और पीछे से पकड़कर उस पर चाकू से हमला कर दिया।
नितिन ने सवाल उठाया कि जब हमलावरों को पैसे ही चाहिए थे तो उन्होंने उसके भाई की हत्या क्यों की। उन्होंने बताया कि देवांश पढ़ाई में अच्छा था और उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। पुलिस को देर रात उसका शव मिला। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, देवांश ने कुछ दिन पहले आरोपी की मां का फोन ले लिया था और आरोपी उससे फोन वापस मांग रहा था। दोनों एक-दूसरे को जानते थे और दोस्त थे। मामले में मुख्य आरोपी के भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चाकू मारने वाला मुख्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

