वृंदावन गुरुकुल में दर्दनाक हादसा: टैंक की सफाई के दौरान चार छात्रों की मौत, एक अस्पताल में भर्ती
Ancवार्ता,ब्यूरो,नई दिल्ली उत्तर प्रदेश के वृंदावन में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे में पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम के चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक छात्र घायल है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसा चैतन्य विहार सेक्टर-2 स्थित गुरुकुल परिसर में हुआ, जहां पांच छात्र करीब 12 फीट गहरे पानी के टैंक की सफाई करने उतरे थे।
टैंक में उतरते ही बिगड़ी छात्रों की तबीयत
जानकारी के मुताबिक, गुरुकुल परिसर के पीछे बना यह टैंक लंबे समय से बंद था। मंगलवार रात करीब 10 बजे गुरुकुल संचालक आचार्य आशीष के कहने पर पांच छात्र टैंक की सफाई करने के लिए अंदर उतरे। सबसे पहले मनु कटारे (22) टैंक में गए। कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
उन्हें बचाने के प्रयास में विशू शर्मा (19), आर्यन पांडेय (16), देवांश शर्मा (17) और रुद्राक्ष भी टैंक में उतर गए। इसके बाद सभी छात्र अंदर फंस गए और उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव अभियान
पड़ोसी कृष्णा तिवारी ने दो छात्रों को बाहर निकाला। इसके बाद अन्य आचार्यों और छात्रों की मदद से सभी पांचों को टैंक से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने छात्रों को रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम और सौ शैया अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने मनु कटारे, विशू शर्मा, आर्यन पांडेय और देवांश शर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं रुद्राक्ष का उपचार जारी है।
टैंक में जहरीली गैस जमा होने की आशंका
जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह के अनुसार, टैंक लंबे समय से बंद था और उसमें जहरीली गैस जमा होने की आशंका है। इसी वजह से छात्रों की तबीयत बिगड़ने और उनकी मौत होने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
प्रशासन ने मामले में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गुरुकुल संचालक के मौके से जाने की बात
हादसे के बाद गुरुकुल संचालक आचार्य आशीष के मौके से चले जाने की बात सामने आई है। वहीं, गुरुकुल की पहचान से जुड़ा बोर्ड भी हटा दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, एडीएम और एसपी सिटी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।
200 से ज्यादा छात्र पढ़ते हैं गुरुकुल में
पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम में कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थियों को संस्कृत की शिक्षा दी जाती है। यहां 200 से अधिक छात्र अध्ययनरत हैं, जबकि करीब 100 छात्र परिसर में रह रहे हैं। हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शोक व्यक्त किया है।

