जामिया में अगले आदेश तक ऑनलाइन होंगी कक्षाएं, रजिस्ट्रार ने छात्रों से की मुलाकात
Ancवार्ता,ब्यूरो,नई दिल्ली जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में कैंपस के भीतर तनावपूर्ण माहौल के बीच प्रशासन ने अगले आदेश तक सभी कक्षाएं ऑनलाइन संचालित करने का फैसला लिया है। वहीं, विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रोफेसर मोहम्मद महताब आलम रिजवी ने आंदोलनकारी छात्रों से मुलाकात कर उनकी चिंताओं को सुना।
प्रशासन के अनुसार, कैंपस में बाहरी लोगों के हस्तक्षेप से माहौल प्रभावित हो रहा है। प्रशासन ने कुछ बाहरी तत्वों और कांग्रेस सांसदों पर परिसर में तनाव बढ़ाने का आरोप लगाया है। इसी बीच आंदोलनकारी छात्रों का टेंट हटाए जाने की भी सूचना सामने आई है।
रजिस्ट्रार ने छात्रों को दिया आश्वासन
रजिस्ट्रार प्रोफेसर मोहम्मद महताब आलम रिजवी ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने स्थिति सामान्य करने का आश्वासन दिया। वहीं, प्रशासन का आरोप है कि बाहरी लोगों की गतिविधियों से विश्वविद्यालय परिसर की शांति भंग हो रही है।
कांग्रेस सांसदों पर कैंपस में प्रवेश का आरोप
जामिया प्रशासन ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और इमरान प्रतापगढ़ी पर दीवार फांदकर विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश करने का आरोप लगाया है। प्रशासन का कहना है कि इस तरह प्रवेश करना कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था का उल्लंघन है और इससे तनाव बढ़ा है।
पुलिस से की कार्रवाई की मांग
मामले को लेकर जामिया प्रशासन ने स्थानीय पुलिस को शिकायत दी है। प्रशासन ने कथित तौर पर अनधिकृत प्रवेश के मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, विश्वविद्यालय में अगले आदेश तक ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी।

