गुरुग्राम में अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या, गली में मिला शव; CCTV में दिखे दो संदिग्ध, नाबालिग की पहचान
Ancवार्ता,ब्यूरो,नई दिल्ली। गुरुग्राम के बजघेड़ा थाना क्षेत्र की निहाल कॉलोनी में एक 40 वर्षीय मजदूर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार सुबह उसका शव गली में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक व सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिली है, जिसमें दो संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं।
CCTV फुटेज में दिखे दो संदिग्ध
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में एक नाबालिग समेत दो लोग दिखाई दिए हैं। पुलिस ने नाबालिग की पहचान कर ली है और उसे पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि मजदूर की डंडों से पीट-पीटकर हत्या की गई। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है।
मध्य प्रदेश का रहने वाला था मृतक
मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ निवासी प्यारे लाल (40) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में गुरुग्राम की निहाल कॉलोनी में रहता था और दिहाड़ी-मजदूरी करके अपना गुजारा करता था। बुधवार रात उसकी हत्या किए जाने की आशंका है। बृहस्पतिवार सुबह राहगीरों ने गली में उसका शव देखा और डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
सूचना मिलने के बाद बजघेड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार, नाबालिग आरोपी के पकड़े जाने के बाद हत्या के कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।

