मूली उखाड़ने गई सास-बहू की करंट से मौत, चार महीने पहले हुई थी रूबी की शादी; बेटी भी झुलसी
Ancवार्ता,ब्यूरो,नई दिल्ली गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित भोवापुर गांव में मंगलवार सुबह खेत में मूली उखाड़ने गई सास-बहू की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने पहुंची बेटी झुलस गई। आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी और इसकी सूचना ऊर्जा निगम को समय पर नहीं दी गई। हादसे में जान गंवाने वाली सत्यवती (50) और उनकी बहू रूबी (21) थीं। घायल बेटी देवश्री को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
मूलरूप से बदायूं जिले के कादरचौक थाना क्षेत्र के खिरिया बारखपुर गांव निवासी थान सिंह अपने परिवार के साथ पिछले तीन वर्षों से गाजियाबाद में रहकर सब्जियों की खेती कर रहे हैं। परिवार ने मोरटी क्षेत्र में एक किसान से जमीन ठेके पर लेकर खेती शुरू की थी। परिवार की आजीविका इसी पर निर्भर थी। मंगलवार सुबह करीब छह बजे सत्यवती, रूबी और देवश्री खेत में मूली उखाड़ने पहुंची थीं।
पुलिस के अनुसार, खेत में बिजली का तार टूटा पड़ा था। रूबी खेत में पहुंचीं तो तार उनकी गर्दन से छू गया और वह करंट की चपेट में आ गईं। बहू को बचाने के प्रयास में सत्यवती ने तार हटाने की कोशिश की, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गईं। मां और भाभी को बचाने दौड़ी देवश्री के पैर से भी तार छू गया, जिससे वह झुलसकर दूर जा गिरीं।
देवश्री के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने बांस की मदद से तार हटाया और तीनों को संजय नगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सत्यवती और रूबी को मृत घोषित कर दिया। देवश्री को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पोस्टमार्टम के बाद परिजन दोनों के शव लेकर बदायूं स्थित अपने पैतृक गांव रवाना हो गए, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
चार महीने पहले हुई थी रूबी की शादी
थान सिंह के छोटे बेटे शिवम की शादी रूबी से महज चार महीने पहले हुई थी। करीब दो महीने पहले ही वह बहू को गाजियाबाद लेकर आए थे। रूबी अपनी सास सत्यवती के साथ खेत में काम करती थीं और परिवार की आजीविका चलाने में हाथ बंटाती थीं। परिवार खेत में पालक, मूली, लौकी समेत अन्य सब्जियां उगाता था। महिलाएं सुबह सब्जियां तोड़कर ई-रिक्शा में भरती थीं, जिसके बाद शिवम उन्हें मंडी में बेचने जाता था।
सत्यवती ने करीब 32 वर्षों तक पति थान सिंह के साथ संघर्षपूर्ण जीवन बिताया और बच्चों की परवरिश की। वहीं, रूबी की नई गृहस्थी अभी ठीक से शुरू भी नहीं हुई थी कि हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। जिस घर में चार महीने पहले उसे दुल्हन बनाकर लाया गया था, वहां अब उसकी और सास की अर्थी उठी।
थान सिंह की 20 वर्षीय बेटी देवश्री भी हादसे में घायल हुई हैं। पिता उसकी शादी के लिए योग्य वर तलाश रहे थे और फरवरी में शादी करने की इच्छा रखते थे। इस हादसे ने परिवार के भविष्य से जुड़ी उम्मीदों को भी गहरा झटका दिया है।
सड़क निर्माण के दौरान बिजली की लाइन टूटने का आरोप
ऊर्जा निगम के अटौर सबस्टेशन के अवर अभियंता आकाश रस्तोगी के अनुसार, भोवापुर में भट्ठा संख्या पांच के पास सड़क निर्माण का काम चल रहा था। आरोप है कि सोमवार रात जेसीबी चालक ने पहले बिजली के खंभों को मशीन से नुकसान पहुंचाया और फिर मशीन तारों से टकरा गई, जिससे दोनों तरफ की लाइन टूट गई।
अवर अभियंता का आरोप है कि बिजली की लाइन के नजदीक निर्माण कार्य करने से पहले नियमानुसार शटडाउन नहीं लिया गया। तार टूटने के बाद भी ऊर्जा निगम को तत्काल सूचना नहीं दी गई। उनका कहना है कि समय पर सूचना मिलने पर बिजली आपूर्ति बंद कर हादसे को रोका जा सकता था। उन्होंने जीडीए के ठेकेदार अंकित गोयल और जेसीबी चालक के खिलाफ पुलिस को शिकायत देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।
ऊर्जा निगम को सोमवार रात लाइन टूटने की जानकारी मंगलवार सुबह हादसे के बाद करीब आठ बजे मिली। इससे बिजली आपूर्ति की निगरानी और ट्रिपिंग सिस्टम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
ट्रिपिंग सिस्टम और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
ऊर्जा निगम के अनुसार, वर्ष 2025-26 के बिजनेस प्लान के तहत विद्युत संसाधनों को दुरुस्त करने के लिए 250 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा रहे हैं। इसके बावजूद भोवापुर में बिजली की लाइन टूटने के बाद समय रहते सूचना नहीं मिलने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
अवर अभियंता आकाश रस्तोगी के मुताबिक, एलटी लाइन के तार अलग-अलग होने के कारण ट्रिपिंग नहीं हो सकी। हालांकि, लाइन टूटने के बाद बिजली आपूर्ति बंद क्यों नहीं हुई और कंट्रोल रूम को समय पर जानकारी क्यों नहीं मिली, इसकी जांच जरूरी है।
जिम्मेदारों को सजा दिलाने की मांग
हादसे में पत्नी और बहू को खोने वाले थान सिंह ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनकी जिंदगी बर्बाद हो गई है और वह इस हादसे के जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि पैतृक गांव से लौटने के बाद वह न्याय के लिए अधिकारियों के पास जाएंगे।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। बिजली की लाइन टूटने और निर्माण कार्य में कथित लापरवाही को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

