दिवाली-छठ पर रेलवे की तैयारी तेज, दिल्ली के दो स्टेशनों पर होंगी नई व्यवस्थाएं
Ancवार्ता,ब्यूरो,नई दिल्ली दिवाली और छठ के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों पर सुविधाएं बढ़ाने की तैयारी की है। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर रोशनी की व्यवस्था सुधारने के लिए उत्तर रेलवे करीब 4.25 करोड़ रुपये खर्च करेगा। वहीं, आनंद विहार स्टेशन पर चार हजार यात्रियों की क्षमता वाला सुविधा शिविर बनाया जा रहा है।
निजामुद्दीन स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म पर 150 सामान्य एलईडी और 50 बैटरी बैकअप वाली एलईडी लाइट लगाई जाएंगी। साथ ही बिजली आपूर्ति से जुड़े उपकरणों और तारों को भी दुरुस्त किया जाएगा। इससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर आने-जाने में आसानी होगी और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
आनंद विहार स्टेशन पर जनरल और आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग प्रवेश मार्ग बनाए जा रहे हैं। जनरल टिकट वाले यात्री सुविधा शिविर के रास्ते स्टेशन में प्रवेश करेंगे, जबकि आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए मुख्य इमारत के सामने का प्रवेश द्वार निर्धारित किया जाएगा।
इसके अलावा यात्रियों की आवाजाही आसान बनाने के लिए नया फुट ओवरब्रिज भी बनाया जा रहा है। रेलवे को उम्मीद है कि इन व्यवस्थाओं से त्योहारों के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की आवाजाही सुचारु रखने में मदद मिलेगी।

