दिल्ली: जंतर-मंतर पहुंचे CJP नेता सौरव दास और आशुतोष रांका हिरासत में, CEC के इस्तीफे की कर रहे थे मांग
जंतर-मंतर पर पहुंचे CJP समर्थक, लगाए नारे
Ancवार्ता,ब्यूरो,नई दिल्ली जानकारी के मुताबिक, CJP के करीब 20 कार्यकर्ता जदयू कार्यालय का गेट पार कर जंतर-मंतर के प्रदर्शन स्थल के अंदर पहुंचे थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई। इसी बीच दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में ले लिया।
CJP नेता आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो भी साझा किया है। इसमें पार्टी के नेता और समर्थक नारेबाजी करते दिखाई दे रहे हैं।
10 अक्तूबर को भी हिरासत में लिए गए थे CJP नेता
इससे पहले 10 अक्तूबर को भी दिल्ली पुलिस ने CJP नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को एहतियातन हिरासत में लिया था। इसके बाद तीनों नेताओं को रविवार को कार्यकारी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया था।
50-50 हजार रुपये के मुचलके पर मिली थी रिहाई
कार्यकारी मजिस्ट्रेट की अदालत ने अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को कुछ शर्तों के साथ 50-50 हजार रुपये के मुचलके पर रिहा करने का आदेश दिया था। अदालत ने तीनों नेताओं को अगले एक साल तक शांति व्यवस्था बनाए रखने का स्पष्ट निर्देश भी दिया था।
हालांकि, रिहाई के कुछ दिनों बाद ही सौरव दास और आशुतोष रांका को एक बार फिर जंतर-मंतर से हिरासत में लिए जाने का मामला सामने आया है।

