बुलंदशहर में बाइक और वैन की आमने-सामने टक्कर, 20 वर्षीय युवक की मौत; किशोर गंभीर
Ancवार्ता,ब्यूरो,नई दिल्ली उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के स्याना कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को बाइक और वैन की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय हसन की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद 17 वर्षीय शिवा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, स्याना निवासी हसन अपने साथी शिवा के साथ बाइक से किसी काम से खानपुर जा रहा था। इसी दौरान गांव बिगराऊ के पास सामने से आ रही वैन से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को स्याना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने हसन को मृत घोषित कर दिया, जबकि शिवा की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
कोतवाली प्रभारी के अनुसार, हसन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

