ग्रेटर नोएडा में छात्र पर फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार, इटली मेड पिस्टल बरामद ki
Ancवार्ता,ब्यूरो,नई दिल्ली ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र में जीएन ग्रुप कॉलेज के सामने छात्र और उसके दोस्तों के साथ मारपीट व फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दनकौर के अट्टा गूजरान गांव निवासी 24 वर्षीय प्रशांत नागर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से इटली मेड अवैध पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर को कॉलेज के सामने बीए एलएलबी चतुर्थ वर्ष के छात्र केशव और उसके दोस्तों का कुछ युवकों से विवाद हो गया था। इसके बाद विशू भाटी अपने साथियों आयुष भाटी, सागर और प्रशांत के साथ मौके पर पहुंचा। आरोप है कि सभी ने मिलकर केशव और उसके दोस्तों के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे।
पीड़ित की शिकायत पर नॉलेज पार्क कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर प्रशांत नागर को सफीपुर सर्विस रोड से लॉयड की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2019 में भी लूट और चोरी की संपत्ति रखने के मामले में मुकदमा दर्ज था। मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी गई हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

