ग्रेटर नोएडा में PNB के खातों से 35 करोड़ रुपये की हेराफेरी,खाते में 1.18 करोड़ थे जमा तो अब बैलेंस जीरो
Ancवार्ता,ब्यूरो,नई दिल्ली। ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर गांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में खाताधारकों की करीब 35 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने कई खाताधारकों की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) समय से पहले तोड़कर रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी। कई लोगों ने अपने बचत खातों से भी पैसे गायब होने की शिकायत की है।
मामले की जानकारी फैलने के बाद आसपास के गांवों के कई खाताधारक बैंक पहुंच गए। किसान मजदूर संगठन ने पीड़ितों के साथ मिलकर बैंक परिसर में प्रदर्शन किया। संगठन ने मामले में एफआईआर दर्ज करने और खाताधारकों की रकम वापस मिलने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी है।
मां के खाते में 1.18 करोड़ रुपये थे, अब जीरो बैलेंस
एक पीड़ित ने बताया कि उनकी मां संतोष के खाते में 1.18 करोड़ रुपये जमा थे, लेकिन अब खाते में जीरो बैलेंस दिख रहा है। बैंक की ओर से रकम वापस मिलने का आश्वासन दिया गया है। वहीं, एक अन्य खाताधारक ने बताया कि उनके खाते में 1.38 लाख रुपये थे, लेकिन अब रकम गायब है।
बिरौंडा से सेक्टर पाई क्षेत्र में रहने वाले गौतम के मुताबिक, उनके पिता के खाते में पहले करीब 94 लाख रुपये थे। सोमवार को 50 हजार रुपये निकालने के लिए बैंक पहुंचने पर पता चला कि खाते में केवल 16 हजार रुपये बचे हैं। एक अन्य खाताधारक ने आरोप लगाया कि उनकी करीब 15 लाख रुपये की एफडी खत्म हो गई। वहीं, संजय ने अपनी 10 लाख रुपये की एफडी तोड़कर रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर किए जाने का आरोप लगाया। हनीफ ने भी अपने खाते से करीब 39 लाख रुपये गायब होने की शिकायत की है।

