पीस बॉन्ड पर साइन नहीं करूंगी: नेहा बोरा, हाईकोर्ट ने खारिज की थी याचिका
Ancवार्ता,ब्यूरो,नई दिल्ली ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने कहा है कि वह 10 हजार रुपये के शांति बॉन्ड पर हस्ताक्षर नहीं करेंगी। दिल्ली हाईकोर्ट की ओर से उनकी याचिका खारिज किए जाने के बाद उन्होंने यह बयान दिया।
नेहा बोरा ने शांति बॉन्ड भरने के लिए जारी नोटिस को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। इस नोटिस में उन्हें शांति बनाए रखने के लिए 10 हजार रुपये का बॉन्ड भरने और एक जमानतदार देने को कहा गया था।
क्या है पूरा मामला?
नेहा बोरा को 16 अक्तूबर को मंडी हाउस में एक सभा में शामिल होने के दौरान हिरासत में लिया गया था। उनका आरोप है कि उन्हें एक अज्ञात स्थान पर ले जाया गया और आरके पुरम थाने में रातभर रखा गया। अगले दिन सुबह करीब छह बजे उन्हें रिहा किया गया।
पुलिस के नोटिस में मंडी हाउस पर नारेबाजी करने, जंतर-मंतर के आसपास निषेधाज्ञा के बावजूद प्रदर्शन करने और कनॉट प्लेस में प्रदर्शन के लिए लोगों को उकसाने के आरोप लगाए गए हैं।
नेहा बोरा ने अपनी याचिका में कहा था कि नोटिस में शांति भंग होने की आशंका के समर्थन में कोई ठोस कारण या किसी विशेष घटना का जिक्र नहीं किया गया है। हालांकि, दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को उनकी याचिका खारिज कर दी थी।

