विराट-अनुष्का ने तीन साल में 8 बार किए संत प्रेमानंद के दर्शन, जानें कब-कब पहुंचे आश्रम और क्या है 5 करोड़ का विवाद
Ancवार्ता,ब्यूरो,नई दिल्ली। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का संत प्रेमानंद महाराज से आध्यात्मिक जुड़ाव पिछले कुछ वर्षों से लगातार चर्चा में रहा है। दोनों जनवरी 2023 से जुलाई 2026 तक आठ बार संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंच चुके हैं। इन मुलाकातों में कभी दोनों बच्चों के साथ नजर आए, कभी सत्संग में शामिल हुए और कभी एकांतिक आध्यात्मिक बातचीत की। अब विराट कोहली के आश्रम जाने के बदले 5 करोड़ रुपये लेने के दावे को लेकर विवाद खड़ा हो गया है, जिसे विराट के प्रवक्ता ने गलत और निराधार बताया है।
पहली मुलाकात: 4 जनवरी 2023
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की संत प्रेमानंद महाराज से पहली सार्वजनिक रूप से सामने आई मुलाकात 4 जनवरी 2023 को हुई थी। दोनों अपनी बेटी वामिका के साथ वृंदावन पहुंचे थे।
दो दिन की धार्मिक यात्रा के दौरान दोनों ने पहले बाबा नीम करोली के आश्रम में दर्शन किए और इसके बाद प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे। यहां दोनों ने महाराज का आशीर्वाद लिया और करीब एक घंटे तक सत्संग सुना।
दूसरी मुलाकात: 10 जनवरी 2025
ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटने के बाद 10 जनवरी 2025 को विराट और अनुष्का अपने दोनों बच्चों वामिका और अकाय के साथ आश्रम पहुंचे।
उस समय विराट खराब फॉर्म से जूझ रहे थे। इस मुलाकात के दौरान अनुष्का ने महाराज से आध्यात्मिक मार्गदर्शन की इच्छा जताई और उनसे प्रेम भक्ति देने की बात कही।
तीसरी मुलाकात: 13 मई 2025
13 मई 2025 को विराट और अनुष्का फिर वृंदावन पहुंचे। इस दौरान दोनों ने प्रेमानंद महाराज के साथ एकांतिक वार्तालाप किया।
यह मुलाकात इसलिए भी चर्चा में रही क्योंकि विराट ने इससे कुछ समय पहले टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का एलान किया था।
चौथी मुलाकात: 16 दिसंबर 2025
साल 2025 के अंत में 16 दिसंबर को विराट-अनुष्का एक बार फिर आश्रम पहुंचे। दोनों ने जमीन पर बैठकर महाराज का सत्संग सुना।
इस दौरान प्रेमानंद महाराज ने उन्हें काम को सेवा समझने, गंभीर और विनम्र रहने तथा नाम जपने की सीख दी। महाराज की बातें सुनकर अनुष्का भावुक भी नजर आईं।
पांचवीं मुलाकात: 17 फरवरी 2026
17 फरवरी 2026 को विराट और अनुष्का फिर वृंदावन पहुंचे। इस बार दोनों ने किसी विशेष प्रोटोकॉल के बजाय आम श्रद्धालुओं के बीच बैठकर सत्संग सुना।
इस मुलाकात में दोनों को सामान्य श्रद्धालुओं की तरह महाराज का प्रवचन सुनते देखा गया।
छठी मुलाकात: 20 अप्रैल 2026
करीब दो महीने बाद 20 अप्रैल 2026 को दोनों फिर वृंदावन पहुंचे। उन्होंने श्रीहित राधा केली कुंज आश्रम में प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए और आध्यात्मिक मार्गदर्शन लिया।
इस दौरान दोनों ने एकांतिक वार्तालाप में भी हिस्सा लिया और भक्तों के बीच बैठकर प्रवचन सुना।
सातवीं मुलाकात: 2 जून 2026
आईपीएल 2026 का खिताब जीतने के बाद 2 जून 2026 को विराट और अनुष्का वृंदावन पहुंचे। विराट की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के चैंपियन बनने के बाद दोनों ने आश्रम जाकर प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लिया।
दोनों ने सत्संग सुना और आध्यात्मिक चर्चा में हिस्सा लिया।
आठवीं मुलाकात: 22 जुलाई 2026
22 जुलाई 2026 को विराट और अनुष्का की प्रेमानंद महाराज से आठवीं सार्वजनिक रूप से रिपोर्टेड मुलाकात हुई। दोनों श्रीहित राधा केली कुंज आश्रम पहुंचे।
बारिश के कारण रास्ते में कीचड़ होने के बावजूद दोनों नंगे पैर आश्रम से बाहर निकले। उनके हाथ में प्रसाद था और उन्होंने वहां मौजूद लोगों का ‘राधे-राधे’ कहकर अभिवादन किया।
क्या है 5 करोड़ रुपये का विवाद?
विराट और अनुष्का की लगातार आश्रम यात्राओं के बीच अब 5 करोड़ रुपये से जुड़ा दावा सामने आया है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ने दावा किया था कि विराट कोहली को कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये देकर प्रेमानंद महाराज के दरबार में बुलाया गया था।
उन्होंने आश्रम और प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा से जुड़े अन्य आरोप भी लगाए और जांच की मांग की। हालांकि, विराट कोहली के प्रवक्ता ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया।
विराट के प्रवक्ता ने दावे को बताया निराधार
विराट कोहली के प्रवक्ता के अनुसार, उनके बारे में किए गए 5 करोड़ रुपये वाले दावे गलत और निराधार हैं। उन्होंने कहा कि विराट कोहली प्रेमानंद महाराज के दर्शन अपनी गहरी आस्था और श्रद्धा के कारण करते हैं।
प्रवक्ता ने इसे विराट का व्यक्तिगत आध्यात्मिक जुड़ाव बताया और मीडिया से अपील की कि विराट से जुड़े ऐसे दावों को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उनकी तथ्यात्मक पुष्टि की जाए।

