दिल्ली में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, 28 राउंड फायरिंग; राशिद केबलवाला गिरोह के दो शूटर गिरफ्तार
Ancवार्ता,ब्यूरो,नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। उत्तर-पूर्वी जिला स्पेशल स्टाफ ने रविवार देर रात मुठभेड़ के बाद गैंगस्टर राशिद केबलवाला गिरोह से जुड़े दो कथित शूटरों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान कुल 28 राउंड गोलियां चलीं।
पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने टीम पर 12 राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने 16 राउंड गोलियां चलाईं। पुलिस की गोली लगने से दोनों आरोपी घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
तीन ऑटोमैटिक पिस्टल और 18 कारतूस बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसीम उर्फ आलू (23) और कैफ उर्फ डीजे (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन ऑटोमैटिक पिस्टल, 18 कारतूस और चोरी की एक बाइक बरामद करने का दावा किया है।
मुठभेड़ के दौरान आरोपियों की ओर से की गई फायरिंग में पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं। पुलिस के मुताबिक, हवलदार आमिर और एसआई कौशिक घोष की जैकेट पर गोली लगी, हालांकि दोनों सुरक्षित रहे।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
पुलिस ने घटना के संबंध में उस्मानपुर थाने में हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
इसके अलावा, आरोपियों के खिलाफ पहले दर्ज रंगदारी से जुड़े मामलों को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों आरोपी गिरोह की किन वारदातों में शामिल रहे हैं और उनके अन्य साथियों से क्या संबंध हैं।

