लिंग्याज विद्यापीठ में वार्षिक स्पोर्ट्स वीक 2026 का भव्य शुभारंभ, व्हीलचेयर रेस और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह
ANCवार्ता, श्वेता शर्मा, फरीदाबाद। लिंग्याज विद्यापीठ में वार्षिक स्पोर्ट्स वीक 2026 का भव्य शुभारंभ विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. पिचेश्वर गड्डे द्वारा किया गया। एक सप्ताह तक चलने वाले इस खेल महोत्सव में क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, खो-खो, टग ऑफ वॉर और रिले रेस सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। खेल सप्ताह को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिल रही है।
कार्यक्रम का शुभारंभ व्हीलचेयर रेस से हुआ, जिसने सभी उपस्थित लोगों में उत्साह और प्रेरणा का संचार किया। इस अवसर पर अपने प्रेरणादायक संबोधन में डॉ. पिचेश्वर गड्डे ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि टीम वर्क, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देना चाहिए, जबकि दर्शकों की जिम्मेदारी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करना है।
उन्होंने कहा कि मोटिवेशन खेल गतिविधियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हार और जीत खेल का स्वाभाविक पहलू है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी का समर्पण और प्रदर्शन होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, “खिलाड़ी को कभी भी प्रदर्शन से पीछे नहीं हटना चाहिए, क्योंकि हर हार से नई जीत की प्रेरणा मिलती है।”
इस अवसर पर डॉ. गड्डे ने शांति और सद्भावना के प्रतीक के रूप में कबूतर उड़ाकर तथा गेंद पर पहला प्रहार कर स्पोर्ट्स वीक का औपचारिक उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने ‘चक दे इंडिया’ गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित अतिथियों और छात्रों ने खूब सराहा।
विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर मेजर जनरल डॉ. योगेश चौधरी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपनी प्रतिभा का सर्वोत्तम प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के पैट्रन डॉ. एम.के. सोनी, डायरेक्टर भाविक कुचिपुड़ी, सीओओ प्रेम कुमार सलवान, रजिस्ट्रार सीमा बुशरा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन फार्मेसी विभाग के छात्र यश और बीबीए की छात्रा खुशी ने किया। पूरे परिसर में खेल सप्ताह को लेकर उत्साहपूर्ण वातावरण बना हुआ है और विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

