पुलिस अब पढ़ेगी ऑनलाइन
ANCवार्ता, कानपुर।
कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में तथा पुलिस आयुक्त एवं पुलिस उपायुक्त कानपुर नगर के सहयोग से द्रोणाचार्य सेंटर फॉर ऑनलाइन एंड डिस्टेंस एजुकेशन (D-CODE), छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर द्वारा “ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग एवं ऑनलाइन प्रोग्राम्स के प्रति जागरूकता” विषय पर एक विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन ट्रैफिक पुलिस लाइन, कानपुर नगर में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप पुलिस आयुक्त श्री काशिम अबिदी एवं डॉ. सरोज कुमार द्विवेदी, निदेशक, डी-कोड, सीएसजेएमयू ने संयुक्त रूप से किया। अपने उद्बोधन में श्री काशिम अबिदी ने कहा कि शिक्षा और प्रशिक्षण पुलिस बल के पेशेवर कौशल को सशक्त बनाते हैं, और ऐसे कार्यक्रम पुलिस अधिकारियों के लिए नई संभावनाएँ खोलते हैं।
डॉ. सरोज कुमार द्विवेदी ने विश्वविद्यालय द्वारा संचालित ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ODL) एवं ऑनलाइन (OL) पाठ्यक्रमों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पहल पुलिस प्रशिक्षणरत अधिकारियों को उच्च शिक्षा एवं सतत अधिगम के नए अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में डिजिटल शिक्षा, लचीलापन और व्यावसायिक उन्नति के लिए इस प्रकार की पहलें अत्यंत आवश्यक हैं।
इसके उपरांत डॉ. विमल सिंह, उपनिदेशक, डी-कोड, सीएसजेएमयू ने विस्तृत चर्चा एवं संवाद सत्र का संचालन किया। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को डिजिटल शिक्षा, ड्यूल डिग्री योजना, ऑनलाइन संसाधनों के उपयोग और नौकरी के साथ उच्च शिक्षा को संतुलित करने के तरीकों की जानकारी दी।
प्रशिक्षु पुलिस अधिकारियों ने ओरिएंटेशन कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रश्नोत्तर सत्र में सक्रियता दिखाई। प्रतिभागियों ने इसे न केवल ज्ञानवर्धक बल्कि अपने भविष्य के शैक्षिक एवं व्यावसायिक विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं विश्वविद्यालय प्रशासन का सहयोग सराहनीय रहा। इस अवसर ने पुलिस बल और उच्च शिक्षा संस्थानों के बीच ज्ञान-साझेदारी और सहयोग के नए आयाम स्थापित किए।

