Trending राज्य / क्षेत्रीय राष्ट्रीय

5 किलोमीटर तक ट्रक ने घसीटी कार: दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, चार की मौत; महाकालेश्वर से लौट रहे थे

ANCवार्ता  श्वेता शर्मा , साहिबाबाद

दिल्ली/दौसा। दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा राजस्थान के दौसा जिले के पापड़दा थाना क्षेत्र में सुबह करीब 5:15 बजे हुआ, जब आगे चल रहे एक ट्रक से कार टकरा गई और कार ट्रक में फंसकर करीब पांच किलोमीटर तक घिसटती चली गई। डिवाइडर से टकराने के बाद कार अलग हुई। मृतक महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर लौट रहे थे।

पुलिस के अनुसार, खोड़ा थाना क्षेत्र स्थित वंदना एन्क्लेव निवासी राहुल गुप्ता (35) अपने चचेरे भाई प्रिंस (19), साले बृजमोहन, तथा दोस्तों पारस (35) और विक्रम सिंह (30) के साथ कार से उज्जैन गए थे। कार बृजमोहन की थी। रविवार रात दर्शन के बाद सभी घर लौट रहे थे। इसी दौरान दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के भीतर तक घुस गया।

दौसा पुलिस ने बताया कि टक्कर के बाद कार ट्रक में फंसी रह गई और चालक ट्रक लेकर भागता रहा। करीब पांच किलोमीटर बाद कार डिवाइडर से टकराई, तब जाकर ट्रक से अलग हुई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

हादसे में राहुल, प्रिंस, पारस और विक्रम की मौके पर ही मौत हो गई। बृजमोहन कार की डिग्गी की ओर वाली सीट पर लेटे हुए थे, इसलिए उनकी जान बच गई। उन्होंने ही घटना के बाद फोन कर पुलिस को सूचना दी। कार का चालक पक्ष बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसे काटकर शवों को बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। मंगलवार सुबह दोनों चचेरे भाइयों के शव खोड़ा लाए गए, जहां शाम को अंतिम संस्कार किया गया।

परिजनों ने बताया कि राहुल विवाहित थे और उनके दो छोटे बच्चे हैं। वहीं, प्रिंस 12वीं का छात्र था और परिवार की उम्मीद माना जाता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे से करीब आधा घंटे पहले तक कार बृजमोहन चला रहे थे। नींद आने पर उन्होंने पीछे जाकर आराम करने का निर्णय लिया और कार राहुल चलाने लगे। इसी दौरान हादसा हो गया।

परिजनों का आरोप है कि कार ट्रक में फंसने के बाद करीब आधे घंटे तक बृजमोहन पुलिस और एंबुलेंस को फोन लगाते रहे, लेकिन समय पर मदद नहीं पहुंची। हालांकि, स्थानीय पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी और राहत कार्य शुरू किया गया।

पुलिस ने हादसे का संभावित कारण कोहरा या ट्रक का अचानक ब्रेक लगना बताया है। वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर रात और तड़के के समय तेज रफ्तार, कोहरा और भारी वाहनों की लापरवाही से होने वाले खतरों को उजागर कर दिया है। प्रशासन ने चालकों से अपील की है कि कोहरे में गति सीमित रखें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और थकान या नींद आने पर वाहन चलाने से बचें।

ANC Varta

About Author

You may also like

Trending ग्रामीण भारत

कुम्हड़ा के चमत्कारिक फायदे : आपकी थाली से सेहत तक का सफर

ANCवार्ता, दिल्ली कुम्हड़ा, जिसे आम बोलचाल में कद्दू कहा जाता है, हमारे किचन की सबसे सामान्य लेकिन सबसे ताक़तवर सब्ज़ियों
ग्राउंड रिपोर्ट राष्ट्रीय

प्रेमानन्द महाराज को गले लगाएंगे रामभद्राचार्य : विवादों पर सुलह की राह

  ANC वार्ता ब्यूरो, नई दिल्ली भारतीय संत परंपरा में गुरुजन और महापुरुषों के बीच मतभेद और विवाद नए नहीं