अंतरराष्ट्रीय राजनीति राष्ट्रीय

मोदी को मिला इथियोपिया का सर्वोच्च सम्मान

‘द ग्रेट ऑनर निशां ऑफ इथियोपिया’ पाने वाले पहले वैश्विक नेता बने

ANC वार्ता , ब्यूरो, नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया ने अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ग्रेट ऑनर निशां ऑफ इथियोपिया’ प्रदान किया है। इसके साथ ही पीएम मोदी यह सम्मान पाने वाले पहले वैश्विक नेता बन गए हैं। सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत गौरव और सम्मान की बात है और वे इसे भारत के 140 करोड़ नागरिकों के सम्मान के रूप में स्वीकार करते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के इथियोपिया दौरे का आज दूसरा दिन है। इससे पहले सोमवार को इथियोपिया के नेशनल पैलेस में प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने उनका औपचारिक स्वागत किया, जहां दोनों नेताओं के बीच उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठक भी हुई।

नेशनल पैलेस में द्विपक्षीय वार्ता

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इथियोपिया आकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि यह उनका पहला इथियोपिया दौरा है, लेकिन यहां पहुंचते ही उन्हें अपनापन महसूस हुआ। दोनों नेताओं के बीच भारत–इथियोपिया द्विपक्षीय संबंधों, व्यापार, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य और क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने इस दौरान पीएम मोदी की दूरदर्शी सोच की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा इस बात पर जोर देते हैं कि अफ्रीका के साथ साझेदारी उसकी जरूरतों और प्राथमिकताओं के अनुसार होनी चाहिए। उन्होंने भारत को इथियोपिया का एक प्रमुख और भरोसेमंद साझेदार बताया।

एयरपोर्ट पर आत्मीय स्वागत

प्रधानमंत्री मोदी के इथियोपिया पहुंचने पर प्रधानमंत्री अबी अहमद अली स्वयं अदीस अबाबा एयरपोर्ट पर उन्हें रिसीव करने पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच एयरपोर्ट पर ही अनौपचारिक बातचीत हुई। इस दौरान पीएम अली ने प्रधानमंत्री मोदी को पारंपरिक इथियोपियाई कॉफी भी पिलाई। इसके बाद वे खुद कार चलाकर प्रधानमंत्री मोदी को होटल तक ले गए और रास्ते में उन्हें साइंस म्यूजियम और मैत्री पार्क भी दिखाया। इस आत्मीय व्यवहार को भारत–इथियोपिया संबंधों की गहराई के रूप में देखा जा रहा है।

प्रवासी भारतीयों ने किया भव्य स्वागत

होटल पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का प्रवासी भारतीय समुदाय ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान भारतीय मूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए, जिसने माहौल को और भावनात्मक बना दिया।

शिक्षा और आतंकवाद पर अहम ऐलान

द्विपक्षीय बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने इथियोपिया के छात्रों के लिए स्कॉलरशिप की संख्या दोगुनी करने का ऐलान किया। साथ ही उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले पर संवेदना व्यक्त करने और आतंकवाद के खिलाफ भारत का समर्थन करने के लिए इथियोपिया सरकार का आभार जताया।

भारत–इथियोपिया व्यापारिक संबंध

भारत, इथियोपिया का दूसरा सबसे बड़ा ट्रेड पार्टनर है। वर्ष 2023–24 में दोनों देशों के बीच करीब 5175 करोड़ रुपये का द्विपक्षीय व्यापार हुआ। इस दौरान भारत ने 4433 करोड़ रुपये का निर्यात किया, जबकि इथियोपिया से 742 करोड़ रुपये का आयात हुआ।

इथियोपिया भारत से लोहा-स्टील, दवाइयां, फार्मास्युटिकल्स, मशीनरी और उपकरण आयात करता है, जबकि भारत इथियोपिया से दालें, कीमती पत्थर, सब्जियां, बीज, चमड़ा और मसाले मंगाता है। दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों की शुरुआत 1940 के दशक में हुई थी और 1950 में राजनयिक संबंध स्थापित होने के बाद औपचारिक व्यापार को गति मिली।

प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा भारत–अफ्रीका संबंधों को नई ऊंचाई देने और भारत–इथियोपिया साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

ANC Varta

About Author

You may also like

ग्राउंड रिपोर्ट राष्ट्रीय

प्रेमानन्द महाराज को गले लगाएंगे रामभद्राचार्य : विवादों पर सुलह की राह

  ANC वार्ता ब्यूरो, नई दिल्ली भारतीय संत परंपरा में गुरुजन और महापुरुषों के बीच मतभेद और विवाद नए नहीं
बिजनेस राजनीति राष्ट्रीय

GST परिषद का ऐतिहासिक फैसला: दूध-पनीर और रोटी टैक्समुक्त, घरेलू वस्तुओं पर घटा कर, लग्जरी प्रोडक्ट्स पर 40% तक टैक्स

  22 सितंबर से लागू होगी नई दो-स्तरीय टैक्स संरचना, आम आदमी को बड़ी राहत, उद्योग जगत को प्रोत्साहन और