पूर्वा सिंह ने जीते तीन स्वर्ण, राशि कश्यप ने दो स्वर्ण सहित कई पदक अपने नाम किए
ANC वार्ता, कानपुर। झांसी में आयोजित 36वीं क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जुगल देवी सरस्वती विद्या मन्दिर, दीन दयाल नगर, कानपुर की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम उज्ज्वल किया। विद्यालय की छात्रा पूर्वा सिंह ने अंडर-19 आयु वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोलाफेंक, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें व्यक्तिगत चैम्पियनशिप का खिताब भी प्रदान किया गया।
वहीं, विद्यालय की एक अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ी राशि कश्यप ने भी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 400 मीटर बाधा दौड़ में रजत पदक, 3 किलोमीटर वॉक में स्वर्ण पदक, 4 किलोमीटर क्रॉस कंट्री में कांस्य पदक, तथा 100 मीटर और 400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक अर्जित किए।
विद्यालय के खेल प्रशिक्षक सुधीर दीक्षित ने बताया कि दोनों खिलाड़ी बहनों ने विद्या भारती कानपुर प्रान्त की टीम से अंडर-19 वर्ग में भाग लिया और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी का मन मोह लिया।
अब ये दोनों छात्राएँ 31 अक्टूबर से 4 नवम्बर तक हासन (कर्नाटक) में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में विद्या भारती कानपुर प्रान्त का प्रतिनिधित्व करेंगी।
विद्या भारती कानपुर प्रान्त के संगठन मंत्री रजनीश पाठक, प्रदेश निरीक्षक अयोध्या प्रसाद मिश्र, एवं विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. गीता सिंह ने दोनों छात्राओं — पूर्वा सिंह और राशि कश्यप — के साथ-साथ प्रशिक्षक सुधीर दीक्षित को उनकी उपलब्धियों पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं।
इन छात्राओं की सफलता ने न केवल विद्यालय को गौरवान्वित किया है बल्कि कानपुर प्रान्त का नाम भी उज्ज्वल किया है।

