यूपी दिवस समारोह: अमित शाह और सीएम योगी के हाथों यूपी के गौरव सम्मानित, ‘एक जनपद–एक व्यंजन’ योजना का शुभारंभ
ANCवार्ता ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर राजधानी स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर भव्य और बहुरंगी समारोह का आयोजन किया गया। ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समारोह की अध्यक्षता की। इस मौके पर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, प्रतिभा और विकास की झलक एक ही मंच पर देखने को मिली।
समारोह की शुरुआत वंदे मातरम् के सामूहिक गान से हुई। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंच से गूंजे थीम सांग ‘उत्तर प्रदेश–उत्तम प्रदेश’ ने प्रदेश की गौरवशाली परंपरा, सांस्कृतिक विविधता और विकास यात्रा को भावनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। इसके पश्चात ब्रज, बुंदेली, अवधी और भोजपुरी बोलियों के सांस्कृतिक संगम ने पूरे वातावरण को जीवंत कर दिया। विभिन्न अंचलों से आए कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से राष्ट्र प्रेरणा स्थल गूंज उठा।
यूपी दिवस के इस मुख्य समारोह में प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘एक जनपद–एक व्यंजन’ (ओडीओसी) का शुभारंभ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से किया। इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जनपद के विशिष्ट व्यंजन को अलग पहचान दी जाएगी, ताकि स्थानीय खानपान संस्कृति को बढ़ावा मिले और पर्यटन व रोजगार के नए अवसर सृजित हों। इस अवसर पर ओडीओसी पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों के पारंपरिक व्यंजनों की झलक प्रस्तुत की गई।
समारोह का एक प्रमुख आकर्षण ‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान’ रहा। इस दौरान प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाली पांच विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। अंतरिक्ष यात्रा के क्षेत्र में विंग कमांडर शुभांशु शुक्ल, शिक्षा, उद्यमिता और स्वावलंबन के क्षेत्र में अलख पांडेय, शिक्षा एवं नवाचार के लिए सुश्री रश्मि आर्य, साहित्य के क्षेत्र में डॉ. हरिओम पंवार और कृषि क्षेत्र में योगदान के लिए डॉ. सुधांशु सिंह को यह सम्मान प्रदान किया गया। पुरस्कार स्वरूप उन्हें 11 लाख रुपये की धनराशि, अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच जिलों के जिलाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वाले जिलाधिकारियों में जौनपुर के डॉ. दिनेश चंद्र, आजमगढ़ के रवींद्र कुमार, हरदोई के अनुनय झा, अंबेडकरनगर के अनुपम शुक्ल और झांसी के मृदुल चौधरी शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर स्थापित श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने शिल्प मेला, ओडीओसी व्यंजन मेला और ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ विषयक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में प्रदेश के विकास, नवाचार और योजनाओं को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया।
समारोह में युवाओं के लिए रोजगार और उद्योग को बढ़ावा देने वाली ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ योजना का भी शुभारंभ किया गया। इस योजना पर आधारित लघु फिल्म के माध्यम से इसके उद्देश्यों और संभावनाओं को प्रस्तुत किया गया।
कुल मिलाकर, यूपी दिवस का यह आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता, प्रतिभा सम्मान और विकास संकल्प का सशक्त संदेश देने वाला रहा, जिसने उत्तर प्रदेश को ‘उत्तम प्रदेश’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ाया।

